बसपा प्रमुख ने 90 फीसद सीटों पर नाम तय किये
लखनऊ: एक बार फिर सूबे की सत्ता पर काबिज होने के लिए बसपा प्रमुख मायावती कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती हैं। राजधानी में ही मौजूद मायावती इन दिनों क्षेत्रवार और सीटवार पार्टी की स्थिति की समीक्षा कर कमियों को दूर करने में जुटी हुई हैं। सत्ताधारी समाजवादी पार्टी सहित भाजपा व कांग्रेस की बुंदेलखंड में बढ़ती सक्रियता को देखते हुए मायावती ने भी बुंदेलखंड पर फोकस करते हुए नए सिरे से जोनल कोआर्डिनेटरों को लगाया है।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक बसपा प्रमुख ने एमएलसी रहे तिलक चंद्र अहिरवार को बुंदेलखंड के झांसी व चित्रकूट मंडल के जोनल कोआर्डिनेटर पद से हटा दिया है। अहिरवार को मउरानीपुर विधानसभा क्षेत्र से दिए गए टिकट को भी काटते हुए बिहार राज्य में पार्टी के काम को देखने में लगाया गया है। सूत्र बताते हैं कि मायावती ने डा. अशोक सिद्धार्थ पर विश्वास जताते हुए उन्हें अलीगढ़, आगरा, कानपुर के साथ ही अब झांसी और चित्रकूट मंडल के जोनल कोआर्डिनेटर का दायित्व सौंपा है। डा. सिद्धार्थ के साथ बांदा जिले की नरैनी सीट से विधायक गयाचरण दिनकर व लाला राम अहिरवार को लगाया गया है। नौशाद अली को बनाए रखा गया है। पिछले दिनों पूर्व मंत्री लालजी वर्मा को गोरखपुर मंडल से हटाया गया था। वर्मा अब बस्ती, संतकबीरनगर और फैजाबाद मंडल के ही जोनल कोआर्डिनेटर हैं। वैसे तो संगठन का दायित्व संभालने वालों को बसपा प्रमुख चुनाव मैदान में नहीं उतार रही हैं लेकिन वर्मा अंबेडकरनगर की कटेहरी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि 90 फीसद सीटों पर नाम तय हो चुके हैं लेकिन विरोधी पार्टियों के उम्मीदवारों को देखते हुए कुछ के टिकट बदले भी जा सकते हैं।

No comments:
Post a Comment