Wednesday, 11 May 2016

उत्तर प्रदेश पुलिस ने पीट पीट कर दलित युवक को जान से मारा. पूरी चौकी सस्पेन्ड.

उत्तर प्रदेश पुलिस ने पीट पीट कर दलित युवक को जान से मारा. पूरी चौकी सस्पेन्ड.



इटावा।उत्तर प्रदेश के इटावा शहर मे कोतवाली इलाके मे निजी क्लीनिक पर कंपाउंडर का काम करने वाले दलित युवक को चोरी के आरोप लगाकर पुलिस ने पीट-पीट कर मार डाला। करीब पांच घंटे बाद लाठी-डंडो से लैस गुस्साये लोगों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बडी मुश्किल से तब जाने दिया, जब एसएसपी ने रवींद्र के परिजनों को न्याय का भरोसा दिलाते हुए हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज करने के साथ-साथ निलंबन की कार्रवाई भी अमल मे लाई।

इटावा की एसएसपी मंजिल सैनी ने लोगों के गुस्से को देखते हुए तकिया चौकी प्रभारी योगेंद्र शर्मा समेत सभी पुलिसकर्मियो को निलंबित कर दिया और मारे गये दलित युवक रवींद्र पासी की माँ कुसमा देवी के प्रार्थना पत्र पर तकिया चौकी प्रभारी योगेंद्र शर्मा,सिपाही रोहित चौधरी के खिलाफ धारा 302,452,323,504,427, एससी एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया।  इस मामले मे 4 अन्य लोगो को भी नामजद कराया गया है।

मंजिल सैनी ने आज बताया कि मौत के शिकार हुए युवक रवींद्र पासी की माँ कुसमा देवी की प्रार्थना पत्र के आधार पर तकिया चौकी प्रभारी योगेंद्र शर्मा और सिपाही रोहित चौधरी के खिलाफ हत्या की धारा 302 के तहत कोतवाली मे मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इसके अलावा तकिया चौकी प्रभारी योगेंद्र शर्मा समेत पूरी चौकी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

उन्होंने कहा' कि पूरे मामले की जांच अपर पुलिस अधीक्षक लल्लन सिंह को सौंपी गई है। रवींद्र के परिजनो को आर्थिक सहायता भी प्रावधान निहत है जिसे शासन स्तर से पूरा करने के लिए रिर्पोट भेजी जा रही है। रवींद्र के शव का पोस्टमार्टम डाक्टरो के पैनल से कराया जा रहा है साथ ही वीडियोग्राफी भी कराई जा रही है ।'

4 मई की रात 10 बजे के आसपास रवींद्र दस बजे शौच के लिए निकला था। करीब एक घंटे बाद पुलिस ने रविंद्र पासी को बुरी तरह से पीटने के बाद मरणासन्न हालात मे उसे घर के बाहर फेंक दिया और उसके बाद से लगातार उसके परिजन निजी अस्पताल मे उपचार कराने मे लगे हुए थे, लेकिन कल रात रवींद्र की मौत हो गई। इसके बाद आज सुबह आठ बजे उसके परिजनों ने कई सैकड़ों से अधिक लोगों के साथ नगर पालिका चौराहे पर आकर शव को रख दिया और दोषी पुलिसवालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किये जाने की मांग शुरू कर दी। पहले तो पुलिस ने पीड़ित पक्ष को मनाने की कोशिश की लेकिन वो नहीं माने। जब पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने और निलबंन की कार्यवाही करने का ऐलान किया, तब कहीं जाकर पीड़ित पक्ष शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने को तैयार हुआ
वैसे रवींद्र 12वीं कक्षा का छात्र था लेकिन गरीब होने की वजह से खाली वक्त मे कुछ पैसे की चाहत मे निजी क्लीनिक पर कंपाउंडर के तौर पर काम करता था। 

1 comment:

  1. मोदीजी क्या यही आपका विकास आपकी सत्ता में दलितो पर अत्याचार के किस्से दिन प्रतिदिन बढते ही जा रहे है । आपकी कथनी और करनी में फर्क है । किसान की आत्महत्या ये भी बढ रही है । आप खाली बाते बडी करते है । भाषण अच्छा देते है । पर करते कुछ भी नही । वादे भी बहोत करते है पर ऊसे निभाते नही ।

    ReplyDelete